अगर आप भी छतीसगढ़ की असल खूबसूरती से रूबरू होना चाहते हैं, तो फिर मानसून में छत्तीसगढ़ की इन बेहतरीन जगहों पर आपको भी जरूर पहुंचना चाहिए।
Best Places To Visit In Chhattisgarh: देश के सबसे खूबसूरत राज्यों का नाम लिया जाता है, तो उस लिस्ट में छत्तीसगढ़ का नाम जरूर शामिल रहता है। असीम सम्पदा और प्रकृति से भरपूर यह राज्य विशाल वनों से घिरा हुआ है।
छत्तीसगढ़ में ऐसी कई हसीन और अद्भुत जगहें मौजूद हैं, जहां हर रोज हजारों पर्यटक घूमने के लिए पहुंचते रहते हैं। मानसून में यहां सिर्फ देशी ही नहीं, बल्कि विदेशी सैलानी भी समय-समय पर घूमने के लिए पहुंचते रहते हैं।
इस आर्टिकल में हम आपको छत्तीसगढ़ की कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो मानसून के समय और भी अधिक हसीन हो जाती है। मानसून में एक्सप्लोर करके आप जन्नत जैसा अनुभव प्राप्त कर सकते हैं।
चित्रकूट वॉटरफॉल्स (Chitrakote Waterfalls)

मानसून में जब किसी अद्भुत जगह घूमने की बात होती है तो छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित चित्रकूट वॉटरफॉल्स का नाम जरूर लिया जाता है। यह पूरे राज्य का सबसे लोकप्रिय और चर्चित स्थान है।
छोटे-बड़े पहाड़, घने जंगल और हर तरफ मौजूद हरियाली इस वॉटरफॉल की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम करते हैं। मानसून में इसके लुभावने दृश्य किसी को भी दीवाना बना सकते हैं। सूर्यास्त के समय यहां सैलानियों की सबसे अधिक भीड़ मौजूद रहती है। वॉटरफॉल के आसपास ट्रैकिंग का भी लुत्फ उठा सकते हैं।
चिरमिरी (Chirimiri)
छत्तीसगढ़ में स्थित किसी बेहतरीन और अद्भुत हिल स्टेशन का नाम लिया जाता है तो चिरमिरी हिल स्टेशन का नाम जरूर लिया जाता है। असीम खूबसूरती से भरपूर यह हिल स्टेशन छोटे-बड़े पहाड़ों के साथ-साथ, घने जंगल, झरने और हरियाली के लिए काफी फेमस माना जाता है।
चिरमिरी एक ऐसा हिल स्टेशन है जो मानसून के समय बेहद ही मनमोहक लगता है। मानसून के समय यह हिल स्टेशन बादलों से ढक जाता है। चिरमिरी के किनारे स्थित गांव को भी एक्सप्लोर करना न भूलें। चिरमिरी के पहाड़ों में स्थित अमृत धारा, अकुरी नाला, रमाधा जैसे झरने को एक्सप्लोर कर सकते हैं।
कांगेर घाटी नेशनल पार्क (Kanger Ghati National Park)
भारत के सबसे घने जंगलों की बात होती है, तो उस लिस्ट में छतीसगढ़ का कांगेर घाटी नेशनल पार्क का नाम जरूर शामिल रहता है। यह पार्क समृद्ध जैव विविधता, लुभावने दृश्य और प्राकृतिक झरने के लिए काफी मशहूर है।
यह खूबसूरत पार्क लगभग 200 किमी के दायरे में फैला हुआ है। मानसून के समय यहां काफी संख्या में सैलानी घूमने के लिए पहुंचते रहते हैं। यहां आप जीप सफारी का भी लुत्फ उठा सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में घूमने की अन्य जगहें
अगर आप मानसून में छत्तीसगढ़ की अन्य खूबसूरत जगहों को एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो फिर चार्रे मर्रे झरना, मैनपाट, अचानकमार टाइगर रिजर्व, धमतरी और तीरथगढ़ फॉल्स जैसी अद्भुत जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं।